
शिमला। रोहडू उपमंडल के अंतर्गत पुलिस थाना चिडग़ांव के अधीन बडियारा पुल के नजदीक नेपाली की हत्या कर शव को पब्बर नदी के किनारे फेंका गया। पुलिस के अनुसार 46 वर्षीय नेपाली राकेश प्रताप बडियारा में सेब बागबान जिया लाल भंडारी के बागीचे में बतौर चौकीदार था। मंगलवार देर शाम को राकेश प्रताप के साथ दो से तीन अन्य नेपाली शराब पीने बैठ गए। उनकी राकेश प्रताप के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई। उन्होंने उसे मिलकर तेजधार हथियार व सिर पर पत्थरों से कुचलकर मार दिया और बडियारा पुल के नजदीक पब्बर नदी के किनारे फेंक दिया। घटनास्थल पर वारदात को अंजाम देकर तुरंत मौके पर से वे सभी नेपाली भाग गए। बुधवार सुबह आठ बजे के करीब बडियारा में कोई व्यक्ति अपने खेत की ओर जा रहा था और उसने पब्बर नदी के किनारे किसी नेपाली को अचेत अवस्था में पाया। उसने तुरंत पुलिस थाना चिडग़ांव में फोन पर घटना की जानकारी दी।
उसके बाद पुलिस थाना चिडग़ांव से थाना प्रभारी सहित पुलिस की टीम, जांगला चौकी से पुलिस की टीम और एसडीपीओ रोहडू़ प्रणव चौहान स्वयं घटनास्थल पर समय रहते पहुंच गए। उसके बाद घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए गए और पुलिस टीम जांच पडताल में जुट गई। वहीं जुन्गा से फोरेंसिक सांइटिफिक लैब की टीम भी साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई। एसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस उपमंडल रोहड़ू के बडियारा में नेपाली की हत्या का मुकद्दमा दर्ज हुआ है। नेपाली राकेश प्रताप के सिर में किसी तेजधार हथियार व पत्थरों के बार से गंभीर चोटें लगने से हत्या हुई है। जल्दी ही नेपाली की हत्या में संलिप्त अन्य नेपाली मूल के व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





