
शिमला/कसौली(मनीष कुमार): हिमाचल प्रदेश में आज एक अहम स्वास्थ्य पहल के तहत टिटनेस और डिप्थीरिया से सुरक्षा प्रदान करने वाली नई Td वैक्सीन का शुभारंभ किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा शनिवार को सोलन जिला स्थित केंद्रीय अनुसंधान संस्थान (CRI), कसौली पहुंचकर वैक्सीन का औपचारिक लोकार्पण करेंगे।
यह वैक्सीन अब यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम (UIP) के तहत उपलब्ध कराई जाएगी। जानकारी के अनुसार लॉन्च के बाद अप्रैल 2026 तक करीब 55 लाख खुराकें UIP को उपलब्ध कराई जाएंगी और भविष्य में इसकी आपूर्ति और बढ़ाई जाएगी।
किशोरों और वयस्कों को मिलेगा लाभ
नई Td वैक्सीन विशेष रूप से किशोरों और वयस्कों में टिटनेस और डिप्थीरिया से सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित की गई है। यह पहले उपयोग में रही टीटनेस टॉक्सॉइड (TT) वैक्सीन की जगह लेगी, जिससे डिप्थीरिया के खिलाफ भी प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
CRI ने इस वैक्सीन के निर्माण और परीक्षण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।
क्या है डिप्थीरिया?
डिप्थीरिया एक संक्रामक बीमारी है, जो कोराइनेबैक्टीरियम डिप्थीरिया नामक बैक्टीरिया से होती है। यह मुख्य रूप से गले और श्वसन तंत्र को प्रभावित करती है। बैक्टीरिया द्वारा उत्पन्न टॉक्सिन शरीर में फैलकर हृदय, तंत्रिका तंत्र और किडनी को भी नुकसान पहुंचा सकता है। गंभीर मामलों में सांस लेने में कठिनाई, हृदय संबंधी जटिलताएं और मृत्यु तक हो सकती है।
क्या है टिटनेस?
टिटनेस एक बैक्टीरियल संक्रमण है, जो क्लॉस्ट्रिडियम टेटनी नामक जीवाणु से होता है। यह आमतौर पर मिट्टी, धूल और जानवरों की गंदगी में पाया जाता है। घाव या चोट के माध्यम से शरीर में प्रवेश करने पर यह जहरीला टॉक्सिन छोड़ता है, जिससे मांसपेशियों में कठोरता, जबड़े में जकड़न, निगलने और सांस लेने में कठिनाई जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
कार्यक्रम में ये रहेंगे मौजूद
इस अवसर पर शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ और अन्य स्टेकहोल्डर्स भी उपस्थित रहेंगे। भारत सरकार के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री सुबह 11:30 बजे CRI कसौली पहुंचेंगे।
नई Td वैक्सीन के UIP में शामिल होने से प्रदेश सहित देशभर में टिटनेस और डिप्थीरिया से होने वाली जटिलताओं और मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।





