
#शिमला में इंतजार करते रहे अधिकारी, पहले दिन एक भी नामांकन नहीं |*
जिले की आठ विधानसभा सीटों चौपाल, ठियोग, कसुम्पटी, शिमला ग्रामीण, शिमला शहरी, रोहड़ू, जुब्बल-कोटखाई और रामपुर के लिए नामांकन पत्र भरे जाने हैं। सभी विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए हैं।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
18 अक्टूबर 2022
विधानसभा चुनाव के लिए जिले की आठ सीटों पर नामांकन पत्र भरने के पहले दिन सोमवार को किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा। शाम 5:00 बजे तक जिला निर्वाचन अधिकारी के पास कोई नामांकन नहीं आया। जिले की आठ विधानसभा सीटों चौपाल, ठियोग, कसुम्पटी, शिमला ग्रामीण, शिमला शहरी, रोहड़ू, जुब्बल-कोटखाई और रामपुर के लिए नामांकन पत्र भरे जाने हैं। सभी विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए हैं। सभी सीटों के नामांकन संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के पास जमा होंगे।
सोमवार सुबह 11 बजे से ही सभी रिटर्निंग अधिकारी अपने कार्यालयों में दावेदारों के आने का इंतजार करते रहे लेकिन शाम 3 बजे तक एक भी दावेदार नामांकन पत्र भरने नहीं आया है। मंगलवार को दूसरे दिन भी कम ही दावेदारों के नामांकन पत्र भरने की संभावना है। कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी से प्रत्याशियों के टिकट तय न होने से पहले से ही तय था कि सोमवार को कोई बड़ा नेता नामांकन नहीं भरेगा। निर्दलीय उम्मीदवार मंगलवार को नामांकन भर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी आदित्य नेगी ने बताया कि पहले दिन सोमवार को सभी आठ सीटों पर एक भी नामांकन नहीं आया है।
सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक दाखिल होंगे नामांकन
उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक संबंधित सीट के रिटर्निंग अधिकारी के पास जमा करवा सकते हैं। 25 अक्तूबर तक नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे। कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार कमरा नंबर 301, ऊपरी मंजिल, ब्लॉक बी, कलेक्ट्रेट नया भवन उपायुक्त कार्यालय परिसर में अपने नामांकन जमा करवा सकते हैं। रिटर्निंग अधिकारी डॉ पूनम ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 27 अक्तूबर को सुबह 11 बजे की जाएगी। 29 अक्तूबर (शनिवार) को दोपहर 3 बजे से पहले उम्मीदवार नामांकन वापस ले सकते हैं।
40 लाख रुपये चुनाव व्यय सीमा तय
22 से 24 अक्तूबर तक सार्वजनिक अवकाश होने के कारण उम्मीदवार नामांकन दाखिल नहीं कर पाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार प्रत्याशी के लिए 40 लाख रुपये चुनाव व्यय सीमा निर्धारित की है।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





