
#दिवाली पर भी नहीं मिल रहा राशन चक्कर काट रहे लोग |*

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
20 अक्टूबर 2022
डिपो खाली, चक्कर काट रहे लोग
शहर समेत जिले के 56 डिपो में नहीं पहुंचा राशन, 1.99 लाख राशनकार्ड धारक परेशान
त्योहारी सीजन में लोग महंगा राशन खरीदने को मजबूर
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी समेत जिलेभर के 1.99 लाख राशनकार्ड धारकों को दिवाली पर भी राशन नहीं मिल रहा है। शिमला शहर समेत जिले के 56 राशन डिपो में अभी तक इस महीने का राशन कोटा नहीं पहुंचा है। लोग डिपुओं के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन राशन नहीं मिल रहा।
लोगों को त्योहारी सीजन के बीच अब बाजार से आटा, चावल खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। प्रदेश के बाकी जिलों में बीते हफ्ते ही राशन की सप्लाई जारी हो चुकी है। लेकिन शिमला में अभी तक राशन नहीं पहुंचा है। ऐसे में शिमला शहर के कई संचालकों ने तो डिपो तक बंद कर दिए हैं। इनका कहना है कि लोग रोज राशन के लिए आ रहे हैं लेकिन राशन न होने पर इन्हें वापस भेजना पड़ रहा है। अब राशन पहुंचने पर ही डिपो खोल पाएंगे। बताया जा रहा है कि जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने पहले जो टेंडर किए थे, उन्हें रद्द कर दिया है। अब दोबारा टेंडर कॉल किए थे जिसकी प्रक्रिया अब पूरी हो रही है। बुधवार तक शहर के डिपुओं में आटा, चावल, दालों से लेकर चीनी और नमक तक नहीं उपलब्ध था।
लोगों का कहना है कि सरकार दिवाली पर हर साल समय पर राशन उपलब्ध करवाती थी। चीनी का अतिरिक्त कोटा दिया जाता था। लेकिन राजधानी के हजारों परिवारों को इस बार दिवाली पर राशन नहीं मिल रहा। कंगनाधार डिपो संचालक एवं पूर्व पार्षद रेणु चौहान ने बताया कि अभी राशन का कोटा नहीं आया है। एक दो दिन में राशन मिलने की उम्मीद है।
महंगा तेल और रिफाइंड खरीदने को लोग मजबूर
इस बार बाजार में तेल और रिफाइंड के रेट भी बढ़े हैं। तेल पांच तो रिफाइंड दस रुपये तक महंगा हो गया है। डिपुओं में तेल-रिफाइंड न मिलने से अब लोगों को त्योहारों के लिए बाजार से ही महंगा राशन खरीदना पड़ रहा है। अकेले शिमला शहर में ही 30 हजार से ज्यादा राशनकार्ड धारक हैं।
अधिकारी छुट्टी पर, व्यवस्था ठप
जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के अनुसार जिला खाद्य नियंत्रक स्वास्थ्य कारणों से अवकाश पर हैं। विभाग ने किसी दूसरे अफसर को जिम्मेदारी नहीं दी है। खाद्य आपूर्ति के एरिया मैनेजर भी अवकाश पर हैं। दफ्तर फोन करने पर बताया कि एक दो दिन में राशन डिपुओं में भेज दिया जाएगा।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





