#कारगिल में भी उगेगा अब लाहौल का आलू *

कारगिल के किसानों ने लाहौल आलू उत्पादक संघ (एलपीएस) से लाहौली आलू बीज की 1400 बोरियां खरीदी हैं। एक बोरी में 50 किलोग्राम आलू बीज होता है।

लाहौल का आलू

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

19 नवंबर 2022

देशभर में प्रसिद्ध लाहौल का आलू अब कारगिल में भी उगेगा। कारगिल के किसानों ने लाहौल आलू उत्पादक संघ (एलपीएस) से लाहौली आलू बीज की 1400 बोरियां खरीदी हैं। एक बोरी में 50 किलोग्राम आलू बीज होता है। पिछले साल लेह को भी आलू बीज भेजा गया था। खाने में इस्तेमाल होने वाले लाहौली आलू की कुफरी ज्योति और चंद्रमुखी किस्म के किसानों को भी बेहतर दाम मिल रहे हैं। इस सीजन में एलपीएस ने घाटी के किसानों से करीब 48,000 आलू बीज की बोरियां खरीदी हैं। इनमें 40,000 बोरी ज्योति और 8,000 चंद्रमुखी किस्म की शामिल हैं। कुफरी ज्योति 100 रुपये और चंद्रमुखी 52 रुपये प्रति किलो बिका है।

लाहौली आलू बीज की मांग देश भर में बढ़ रही है। हाल ही में करीब 4,000 आलू बीज की बोरियां गुजरात और महाराष्ट्र के लिए भी भेजी गई हैं। एलपीएस के पास करीब 10,000 बोरी आलू बीज की और मांग आई है। इनमें 6,000 हिमाचल सरकार और 4,000 बोरियां उत्तराखंड सरकार ने मांगीं हैं। यही नहीं, जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश के व्यापारियों के साथ भी खरीद को लेकर बात चल रही है। संघ के अध्यक्ष सुदर्शन जस्पा ने कहा कि उन्होंने कारगिल को 1,400 आलू बीज की बोरियां भेज दी हैं। लाहौल के किसान कुफरी ज्योति, चंद्रमुखी तथा कुफरी हिमालनी बीज की किस्में तैयार करते हैं। इससे यहां के किसानों की आर्थिकी मजबूत होती है।

Share the news