

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
22 नवंबर 2022
कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर चलने वाली ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए आरडीएसओ (रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड आर्गेनाइजेशन) की टेस्टिंग टीम ने तीसरे चरण का ट्रायल कर लिया है। ट्रेन की रफ्तार 25 किमी प्रति घंटा से बढ़ाकर 30 किमी प्रति घंटा करने की तैयारी है। तीसरे चरण के ट्रायल के दौरान उच्च गति पर चल रही ट्रेन में आपातकालीन ब्रेक लगाने और नियंत्रण क्षमता जांची गई। आरडीएसओ लखनऊ की टेस्टिंग टीम ने शिमला और शोघी के बीच ट्रेन की रफ्तार बढ़ाने के लिए तीसरे चरण का ट्रायल किया है।
चार कोच और दो इंजन वाली ट्रेन में सेंसर लगा कर ट्रायल किया गया। ट्रायल के लिए कालका से लाए गए इंजन इस्तेमाल किए गए। ट्रायल के दौरान शिमला से शोघी की ओर ट्रेन 25 किमी प्रति घंटा की सामान्य रफ्तार से चलाई गई जबकि शोघी से शिमला की ओर 18 किलोमीटर की दूरी ट्रेन ने अधिकतम 33 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तय की। तीन चरणों का ट्रायल पूरा होने के बाद अब आरडीएसओ लखनऊ की टीम विस्तृत रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजेगी। रिपोर्ट का आंकलन करने के बाद रेलवे बोर्ड गाड़ियों की रफ्तार बढ़ाने को लेकर अंतिम फैसला लेगा।





