
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में भी भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर खुशी मनाई। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और लड्डू बांटकर लोगों का मुंह मीठा कराया।
गौरतलब है कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल किया, जबकि आम आदमी पार्टी (आप), जो पिछले 10 वर्षों से सत्ता में थी, केवल 22 सीटों पर सिमट गई। वहीं, कांग्रेस एक बार फिर पूरी तरह से चुनावी दौड़ से बाहर नजर आई। इस जीत के साथ भाजपा ने 27 साल बाद दिल्ली में सत्ता हासिल की है।
नालागढ़ में इस जीत का जश्न मनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी। इस मौके पर नालागढ़ के पूर्व विधायक कल ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं के साथ खुशी जाहिर की और कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों पर जनता के विश्वास का प्रतीक है।
स्थानीय भाजपा नेताओं ने कहा कि यह जीत देश में पार्टी की लोकप्रियता और जनता के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने दिल्ली की जनता को धन्यवाद दिया और भविष्य में भी पार्टी के लिए इसी तरह समर्थन की उम्मीद जताई।





