

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
19 नवंबर 2022
पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने राज्य भर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। आला पुलिस सूत्रों से पता चला है कि डी.जी.पी. ने राज्य के सभी पुलिस कमिश्नरों तथा एस.एस.पीज को निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्राधिकार में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखें और गैंगस्टरों तथा नशा तस्करों के संदिग्ध ठिकानों का पता लगाया जाए।
बताया जाता है कि सीमावर्ती जिलों में विशेष रूप से सुरक्षा को बढ़ाया गया है। सीमा पार से ड्रोन का खतरा लगातार बना हुआ है क्योंकि गैंगस्टरों द्वारा अब हथियार भेजने के लिए ड्रोन का सहारा लिया जा रहा है। डी.जी.पी. ने गैंगस्टरों व नशा तस्करों पर दबाव बनाने के उद्देश्य से ही पिछले दिनों राज्य भर में सर्च आप्रेशन चलाया था। सर्च आप्रेशन के दौरान लगभग 100 एफ.आई.आर. पुलिस द्वारा दर्ज की गई थीं। डी.जी.पी. ने सभी आला पुलिस अधिकारियों को अगले कुछ महीनों तक फील्ड में रह कर लगातार अपने स्तर पर चैकिंग अभियान चलाने के लिए कहा है। सभी पुलिस कमिश्नरों तथा एस.एस.पीज को कहा गया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों को लगातार फील्ड में रोजाना भेजें ताकि इससे समाज विरोधी तत्वों पर लगातार दबाव बना रहे।
यह भी पता चला है कि डी.जी.पी. गौरव यादव द्वारा पुलिस हैडक्वार्टर से भी ए.डी.जी.पी. तथा आई.जी. स्तर के अधिकारियों को फिर से फील्ड में भेजा जाएगा। इसका एकमात्र उद्देश्य लोगों के अंदर सुरक्षा की भावना को बढ़ाना है।





