Election Result: बिहार चुनाव में एनडीए की बढ़त पर भाजपा ने मनाया जश्न, जयराम सहित अन्य नेताओं ने ये कहा

बिहार चुनाव पर रुझानों में एनडीए की निर्णायक बढ़त से हिमाचल भाजपा में जश्न का माहाैल है। भाजपा कार्यालय ऊना में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। सदर के विधायक सतपाल सिंह सती की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिला कर खुशी जाहिर की। विधायक सतपाल सिंह सती ने कहा कि यह जनता की ओर से किए गए विकास के समर्थन और लोकतंत्र की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकासवादी राजनीति पर विश्वास जताया है। सती ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।

वहीं बिहार चुनाव नतीजों पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने राहुल गांधी के प्रपंच और महागठबंधन के हर झूठ को नकार दिया है। कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री वहां पर कांग्रेस की गारंटियों के ब्रांड एंबेसडर के रूप में गए थे लेकिन कांग्रेस चार के ऊपर नहीं जा पा रही है। उनकी गारंटियों के मॉडल को पूरे देश ने ठुकरा दिया है। वहीं बिहार चुनाव नतीजों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भी प्रतिक्रिया दी है।

Share the news