Hamirpur : गलोड़ का विकास कांग्रेस की देन, भाजपा ने छीना केंद्रीय विद्यालय : अजय

गलोड़ : नादौन विधानसभा क्षेत्र के विकास पर चर्चा प्रभारी एवं एपीएमसी के चेयरमैन अजय शर्मा ने कहा कि गलोड़ का विकास कांग्रेस की देन है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी ने क्षेत्र में अनेक कार्य करवाए हैं। उन्होंने पूर्व यूपीए सरकार के समय गलोड़ के लिए केंद्रीय विद्यालय भी स्वीकृत करवाया था, लेकिन भाजपा की केंद्र में सरकार बनने के बाद सांसद अनुराग ठाकुर उसे धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के संधोल ले गए थे।
शर्मा ने ये बातें गलोड़ में विकास पर चर्चा के दौरान कहीं। उन्होंने बताया कि हडेटा में इको टूरिज़्म के तहत नवजीवन पार्क, चार नए पटवार सर्किल, गलोड़ पुलिस चौकी, पीएचसी फाहल, गलोड़ में तहसील, कडदोह व कुठेड़ा में नए पुल, पीडब्ल्यूडी की विभिन्न सड़कों के लिए बजट, शमशान घाट के लिए राशि और महिला मण्डलों को राशि देने इत्यादि अनेक कार्य मुख्यमंत्री जी ने गलोड़ में किये हैं। भाजपा सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंकने का कार्य करती है। इसलिए सबसे झूठी पार्टी के झांसे में न आएं। आजादी के बाद पहली बार नादौन को मुख्यमंत्री मिला है, उन्हें मजबूती प्रदान करनी है। पार्टी कार्यकर्ता सरकार की नीतियों व उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी आत्मनिर्भर हिमाचल प्रदेश बनाने के लिए कड़े फैसले जरूर ले रहे हैं, लेकिन इसके दूरगामी परिणाम होंगे। मुख्यमंत्री के कड़े फैसलों से ही वाइल्ड फ्लॉवर हॉल होटल के अब हर माह दो करोड़ रुपये मिल रहे हैं, जेएसडब्ल्यू ग्रुप से 12 की जगह 18 फीसदी रॉयलिटी मिलने पर सरकार को सालाना 250 करोड़ रुपये का लाभ होगा। सरकार ने समाज के वंचित वर्गों के लिए अनेक हितकारी योजनाएं शुरू की हैं।
अजय शर्मा ने बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसियों, पूर्व पदाधिकारियों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सरकार की योजनाओं के धरातल पर पहुंच रहे लाभ व कार्यों को लेकर भी फीडबैक लिया। इसकी रिपोर्ट वह सीधे मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी को सौंपेंगे। बैठक में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, कैप्टन प्रेम चंद, रविंद लखनपाल, उपप्रधान संजय शर्मा, सुनील कुमार, पंजाब सिंह, कैप्टन कमलेश, कपिल, चरण दास, महेंद्र डोगरा, अविनाश चन्द्र, केवल सुशील शीलू, राजीव बिट्टू, विशाल लखनपाल, सन्तोष व वीके चौहान इत्यादि मौजूद रहे।

Share the news