
लाहौल–स्पीति जिले के युवा रचनाकार एवं लेखक छेप राम की बहुप्रतीक्षित पुस्तक ‘संस्कृति के सात अध्याय: लाहुल भाग–1’ का विमोचन ऐतिहासिक गेयटी थियेटर सभागार, शिमला में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित रहा।
पुस्तक का विमोचन विक्रमादित्य सिंह, लोक निर्माण मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार तथा राकेश कंवर, सचिव मुख्यमंत्री एवं सचिव भाषा, कला एवं संस्कृति, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर साहित्य, कला और संस्कृति जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति, लेखक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि छेप राम की यह कृति लाहुल क्षेत्र की लोक-संस्कृति, परंपराओं, रीति–रिवाजों और जीवन-दर्शन को समेटे हुए एक प्रामाणिक दस्तावेज है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर सिद्ध होगी।
अपने संबोधन में लेखक छेप राम ने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से उन्होंने लाहौल–स्पीति की जनजातीय संस्कृति को शब्दों में सहेजने का प्रयास किया है, ताकि तेजी से बदलते समय में यह अनमोल विरासत सुरक्षित रह सके।
उल्लेखनीय है कि इस समारोह में हिमाचल की संस्कृति पर केंद्रित कुल सात पुस्तकों का एक साथ विमोचन किया गया, जिसे साहित्यिक जगत ने एक ऐतिहासिक और सराहनीय पहल बताया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने लेखक छेप राम को उनकी रचना के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।





