Himachal : गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल कुनिहार में बसंत पंचमी, गणतंत्र दिवस एवं हिमाचल राज्यत्व दिवस का संयुक्त आयोजन

गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल कुनिहार में बसंत पंचमी, गणतंत्र दिवस एवं हिमाचल राज्यत्व दिवस का संयुक्त आयोजन
गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, कुनिहार में बसंत पंचमी, गणतंत्र दिवस एवं हिमाचल राज्यत्व दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ, जिसमें सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विधिवत सरस्वती पूजन कर विद्या, बुद्धि एवं ज्ञान का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के आरंभ में बसंत पंचमी, गणतंत्र दिवस एवं हिमाचल राज्यत्व दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि भारतीय संविधान देश का सर्वोच्च ग्रंथ है, जो हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और भाईचारे के अधिकार प्रदान करता है तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रत्येक कक्षा द्वारा अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने हिमाचली टोपी सजावट, भारतीय संविधान पर प्रस्तुतियाँ, गणतंत्र दिवस थीम पर बैज निर्माण, पोस्टर मेकिंग एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ-साथ देशभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना को भी प्रोत्साहित किया।
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी में राष्ट्रप्रेम एवं संविधान के प्रति सम्मान की भावना जागृत की। वहीं हिमाचल राज्यत्व दिवस के अवसर पर पारंपरिक नाटी नृत्य की सुंदर प्रस्तुति ने हिमाचली संस्कृति की अनुपम झलक प्रस्तुत की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री श्वेता कुंडाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संविधान के मूल मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि संविधान में निहित आदर्शों के अनुरूप एक जागरूक, जिम्मेदार एवं संस्कारी नागरिक का निर्माण करना है।
विद्यालय के निदेशक श्री समीर गर्ग एवं सुश्री अदिति गर्ग ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं सांस्कृतिक रंगों से परिपूर्ण रहा और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Share the news