Himachal : चरस तस्कर को पकडऩे गई पुलिस पर पथराव, कब्जे से छुड़वाया तस्कर, जानिए…

चंबा । चुराह उपमंडल के तीसा-सनवाल में चरस तस्कर को दबोचने के बाद कार्रवाई में जुटी पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया है। इस हमले के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम के साथ पथराव व हाथापाई करते हुए सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया। साथ ही ग्रामीण चरस तस्करी के आरोपी को पुलिस टीम से जबरदस्ती छुड़ाकर अपने साथ ले गए ग्रामीणों के पुलिस टीम पर हमले की सूचना पाते ही तीसा पुलिस थाना से टीम ने मौके पर पहुंचकर चरस तस्करी के आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस घटना को लेकर सलेलाबाड़ी की पंचायत प्रधान सहित 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम पर हमला करने वाले तीन आरोपियों की पुलिस ने पहचान कर ली है।

पुलिस ने शेष आरोपियों के नाम व पता लगाने में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम एसआईयू सैल की टीम ने शनेडा नाला के पास भमनोता गांव के सुभाष चंद को एक किलो 42 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार करने में सफलता पाई थी। पुलिस टीम मामले की कागजी औपचारिकताएं निपटा रही थी कि अचानक वहां 25-30 ग्रामीण आ धमके। इससे पहले पुलिस टीम कुछ समझ पाती ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। हाथापाई करने के साथ ही सरकारी वाहन के साथ तोड़-फोड़ की। आरोपी को पुलिस टीम के शिंकजे से जबरदस्ती छुड़ाकर अपने साथ ले गए। पुलिस ने इस संदर्भ में इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह की शिकायत पर सलेलाबाडी की पंचायत प्रधान, भमनोता गांव के लोभी व प्रकाश और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस टीम पर हमला करने वालों की पहचान कर ली गई है।

सुंदरनगर में 294 ग्राम चरस के साथ दो गिरफ्तार

सुंदरनगर। पुंघ फोरलेन पर नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो कार सवारों को 294 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान साहिल शिद निवासी न्यू छिलकाना बस स्टैंड, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा बलवंत सिंह निवासी गांव लावीघाट, डाकघर घट्टी, तहसील सदर, जिला सोलन के रूप में हुई है।

परवाणू में चिट्टा तस्करी का भंडाफोड़, 101.32 नशे सहित दो दबोचे

परवाणू। जिला सोलन पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक मामले का भंडाफोड़ किया है। एसआईयू टीम ने टैक्सी को तलाशी के लिए रोका तो मौके पर 101.32 ग्राम चिट्टा बरामद किया। तस्करों की पहचान मंदीप सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह तथा लवजीत पुत्र कश्मीर सिंह, दोनों निवासी गांव रजोलपुर कलर, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई। जिला पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है।

घुमारवीं में बस में सवार नेपाली से पकड़ी चरस

घुमारवीं। बलोह टोल प्लाजा के समीप नाकाबंदी के दौरान घुमारवीं पुलिस ने हरियाणा रोडवेज की एक बस से 401.1 ग्राम चरस बरामद कर एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निम थापा (24) पुत्र कुल थापाए निवासी गांव भावरटोल विरेननगर जिला सुरखेत (नेपाल) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

चंबा के एक किलो चरस सहित युवक गिरफ्तार

चंबा। चुराह उपमंडल के तीसा-सनवाल संपर्क मार्ग पर पुलिस की एसआईयू सैल की टीम नाकाबंदी के दौरान एक किलो 42 ग्राम चरस की खेप सहित एक युवक को दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान सुभाष चंद वासी गांव भमनोता पोस्ट आफिस देहग्रां तहसील चुराह के तौर पर की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया है। आरोपी को पुलिस रिमांड हेतु अदालत में पेश किया जा रहा है।

Share the news