Himachal : सिरमौर बस हादसा: डिप्टी CM ने दिया मजिस्ट्रेट जांच का आदेश, SDM संगड़ाह की अध्यक्षता में रोड एक्सीडेंट कमेटी लाएगी सच सामने

जिला सिरमौर के हरिपुरधार में शुक्रवार शाम 3:00 बजे हुए निजी बस हादसे में परिवहन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रोड एक्सीडेंट कमेटी (मजिस्ट्रेट जांच) के आदेश दे दिए हैं। जिला सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि एसडीएम संगड़ाह कमेटी के अध्यक्ष होंगे, जो 15 दिनों में हादसे की विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे।

सरकार ने जारी की फौरी राहत
वहीं देर रात को जिला सिरमौर प्रशासन ने सभी घायलों व मृतकों के परिजनों को प्रदेश सरकार की ओर से देर रात को फौरी राहत जारी की। मृतकों के परिजन को 25 हजार रुपये, गंभीर रूप से घायल मरीज के परिजन को 15 हजार रुपये तथा हल्की चोटें लगने वाले घायल मरीजों को 5 हजार रुपये की फौरी राहत जारी की।
डिप्टी सीएम व मंत्री पहुंचे घटनास्थल पर
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा उद्योग, श्रम एवं रोजगार व संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जिला सिरमौर के हरिपुरधार में हुए बस हादसे के घटना स्थल का दौरा किया। वही देर रात को उपमुख्यमंत्री ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं के परिवारों के साथ संवेदनाएं व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि इस घटना के कारणों को जानने के लिए प्रशासन को जांच के आदेश दिए गए हैं।

हादसे में 14 लोगों की गई जान
डिप्टी सीएम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त निजी बस सोलन से कुपवी की ओर जा रही थी, जिसमें 14 लोगों की मृत्यु हुई है और 52 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, डॉ यशवंत सिंह परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नाहन तथा पीजीआई भेजा गया है।

इस दौरान अतिरिक्त दंडाधिकारी एलआर वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, उपमंडलाधिकारी सुनील कैथ, खंड विकास अधिकारी नेहा नेगी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी व स्थानीय लोग भी घटना स्थल पर उपस्थित रहे।

Share the news