
चम्बा : चम्बा पुलिस की एसआईयू सेल ने 19 वर्षीय युवक को 612 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना तीसा में मामला दर्ज कर उसे हवालात में बंद कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर गश्त कर रही थी। दोवारी नामक स्थान पर पहुंचने पर टीम की नजर एक युवक पर पड़ी। युवक पुलिस को देखकर घबरा गया। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ आरंभ की। जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 612 ग्राम चरस बरामद हुई। युवक ने अपना नाम खुरशीद अहमद, निवासी गांव कतरोट, डाकघर थनेईकोठी, तहसील चुराह, चम्बा बताया। एएसपी हितेष लखनपाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध तीसा थाना में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।





