Himachal News: बस में व्यक्ति की सीट पर बैठे-बैठे मौत, घुमारवीं की घटना, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घुमारवीं बस स्टैंड में रविवार को एक निजी बस में सवार व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। बस के घुमारवीं पहुंचने पर परिचालक ने यात्री को आवाज लगाकर जगाने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। एंबुलेंस की मदद से उसे सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संजीव कुमार (40) निवासी गांव दमेहड़ा, डाकघर लौहट, उप तहसील भराड़ी का रहने वाला था।
संजीव कुमार उखली से एक निजी बस में सवार हुआ और डंगार तक का टिकट लिया था। वह अपनी सीट पर बैठा रहा और किसी को भी उसकी तबीयत बिगड़ने का अंदेशा नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि जब बस घुमारवीं के पास पहुंची तो परिचालक को ध्यान आया कि जिस यात्री को डंगार में उतरना था, वह अभी भी अपनी सीट पर बैठा हुआ है। बस के घुमारवीं पहुंचने के बाद परिचालक ने उसे आवाज देकर जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
पठानकोट जा रही निजी बस में मंडी के यात्री की मौत
मंडी से पठानकोट रूट पर जा रही एक निजी बस में रविवार को एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। 50 वर्षीय नरेश कुमार मंडी के बल्ह के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार नरेश कुमार मंडी में बस पर सवार हुए थे। जब बस कांगड़ा पहुंची तो साथ में बैठे यात्रियों ने उन्हें अचेत अवस्था में पाया। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

Share the news