
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और हिमपात का दौर जारी है। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। वीरवार को लाहौल, कुल्लू, शिमला और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। इससे ऊपरी इलाकों में जनजीवन प्रभावित है।
वहीं, मौसम विभाग ने शुक्रवार को मंडी, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि 23 मार्च को कुल्लू, सोलन और बिलासपुर में येलो अलर्ट रहेगा। शनिवार और रविवार को मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी हुआ है। वीरवार को कुल्लू, लाहौल स्पीति, कांगड़ा, चंबा और शिमला जिला समेत अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ।
मनाली में 53, तीसा में 33 और सराहन में 32.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। वहीं केलांग, गोंदला और कुकुमसेरी में 10 से 13 सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ। मौसम के असर से सड़कों की आवाजाही प्रभावित रही। मनाली से केलांग के बीच केवल फोर बाई फोर वाहनों की आवाजाही हो रही है, जबकि जलोड़ी दर्रा आंशिक रूप से प्रभावित है।
बारिश-बर्फबारी से तापमान में गिरावट : प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 12 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज किया गया। शिमला में 12.6, धर्मशाला में 17, भुंतर में 15.4 और ऊना में 17.6 अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। सबसे अधिक तापमान नाहन में 21.8 रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को भी बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।





