
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में माैसम आज फिर बिगड़ गया है। लाहाैल घाटी में आज फिर रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। इस दाैरान आसमान से बर्फ के फाहे गिरते देख यहां पहुंचे सैलानी झूम उठे। लाहौल के कोकसर में पर्यटकों ने बर्फ के बीच जमकर मस्ती की। पर्यटकों की आमद बढ़ने से घाटी के पर्यटन कारोबारी भी गदगद हो गए हैं। मौसम में आए बदलाव से लाहौल से लेकर कुल्लू में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। बीच-बीच में हल्की धूप भी खिल रही है।
17 अप्रैल तक ऐसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 11, 12, 16 और 17 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। सप्ताह के बाकी दिनों में राज्य में मौसम सूखा रहने की संभावना है। वहीं अगले 4-5 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2-5 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद, अगले 4-5 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-5 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। माैसम विभाग के अनुसार आज ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति जिले के कुछ भागों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 9.5, सुंदरनगर 11.9, भुंतर 9.6, कल्पा 2.4, ऊना 12.6, नाहन 10.3, पालमपुर 11.0, सोलन 10.5, मनाली 5.2, कांगड़ा 13.6, मंडी 13.3, बिलासपुर 14.0, जुब्बड़हट्टी 11.4, कुकुमसेरी 0.9, बरठीं 11.8, पांवटा साहिब 15.0, सराहन 7.5, देहरागोपीपुर 14.0 व ताबो में 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, पिछले 24 घंटों में कई स्टेशनों पर अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है।





