Himachal Weather Update: चोटियों पर हिमपात, आज से बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट; जानें मौसम अपडेट विस्तार से

हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को मौसम का मिजाज मिलाजुला रहा। किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में दिनभर हल्के बादल छाए रहे। रोहतांग दर्रा समेत चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। बर्फबारी के चलते अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल के समीप फंसे सभी 320 वाहनों को सुरक्षित निकाल कर मनाली भेज दिया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश में 18 मार्च की रात से लेकर 21 मार्च की सुबह तक व्यापक बारिश होने का पूर्वानुमान है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में 18 व 19 मार्च को ओलावृष्टि और बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। कुल्लू, मंडी और शिमला जिले में 18 और 19 मार्च व कांगड़ा, सिरमाैर और सोलन जिले में 19 मार्च को एक-दो स्थानों पर पर ओलावृष्टि होने का ऑरेंज अलर्ट है।

इसी तरह चंबा, कुल्लू और कांगड़ा जिले में 19 और 20 मार्च, जबकि मंडी और शिमला जिले में 20 मार्च को भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट है। 22 और 23 मार्च को राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होगी। उधर, भारी बर्फबारी के बाद अटल टनल रोहतांग से धुंधी इलाके में फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 36 घंटे बाद पूरा हुआ।

Share the news