
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर सदर थाना से सटे एक क्षेत्र में दुष्कर्म का विरोध करने पर आरोपी किशोर के जानलेवा हमले में घायल महिला ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया है। पांच दिन तक महिला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करती रही। शुक्रवार रात को महिला के जीवन की डोर टूट गई। 3 नवंबर को 40 वर्षीय महिला घास काटने खेतों में जा रही थी। इस दौरान एक 14 वर्षीय नाबालिग दुराचार करने के इरादे से महिला पर झपट पड़ा। इस बीच महिला ने बचाव किया और दोनों में छीनाझपटी भी हुई।
इस दाैरान आरोपी ने हमला कर महिला को लहूलुहान कर दिया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उस पर दराती और डंडे से वार किए। गांव के एक व्यक्ति ने जब महिला को घायल अवस्था में देखा तो परिजनों को सूचित कर उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचार के लिए ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। मौके से दराती, डंडा, पेन और टूटी हुई स्केल के टुकड़े बरामद हुए थे। एसपी भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन महिला की मौत हो गई है।





