
निजी कंपनियों के उत्पादों की प्रमोशन करने को लेकर राजधानी में तैनात प्रशासनिक महिला अधिकारी ओशिन शर्मा चर्चा में आ गई हैं। अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इन उत्पादों की प्रमोशन को लेकर वीडियो शेयर किए हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
मामला संबंधित विभाग के पास भी पहुंचा है, लेकिन विभाग के आलाधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। इस पर कई लोगों ने सवाल भी उठाए हैं। मामले की शिकायत सरकार तक पहुंच गई है। मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने संबंधित विभाग को इस पूरे मामले का पता करने के निर्देश दिए हैं। इस महिला अधिकारी शहर में एक उच्च प्रशासनिक पद पर तैनात हैं। इनके सोशल मीडिया हैंडल पर लाखों प्रशंसक हैं।
बीते एक हफ्ते से सोशल मीडिया हैंडल पर निजी कंपनी के उत्पाद की प्रमोशन को लेकर शेयर किए जा रहे वीडियो पर लोगों ने सवाल उठाए हैं। सिविल सर्विसेज कंडक्ट नियम 15 (1) के अनुसार कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी कारोबार, नौकरी में शामिल नहीं हो सकता।
महिला अधिकारी ने खुद ही शेयर किए हैं अपने फोटो
महिला प्रशासनिक अधिकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक निजी कंपनी के उत्पादों का प्रमोशन कर रही हैं। इसे लेकर कई फोटो और वीडियो शेयर किए हैं। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या सरकार ऐसे उत्पादों की प्रमोशन को लेकर अधिकारियों या कर्मचारियों को मंजूरी दे सकती है। सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर उठे सवालों पर संबंधित महिला अधिकारी ने फिलहाल प्रतिक्रिया देने से इंकार किया है। मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने कहा कि उनके पास इस मामले की शिकायत आई है। इस बारे में संबंधित विभाग को पता करने के निर्देश दिए गए हैं।





