Himachal : भाई दूज के पर्व पर हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को बड़ी सौगात मिली है।

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने इस अवसर पर महिलाओं के लिए सूर्योदय से सूर्यास्त तक फ्री बस यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है।

निगम प्रबंधन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, गुरुवार को भाई दूज के दिन महिलाएं एचआरटीसी की किसी भी सरकारी बस में निश्शुल्क सफर कर सकेंगी, लेकिन यह सुविधा सूर्यास्त तक ही मान्य रहेगी।

सूर्यास्त के बाद बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं को सामान्य नियमों के तहत 50 प्रतिशत किराया देना होगा।

एचआरटीसी के प्रबंधन ने बस चालकों और परिचालकों को आदेश जारी किए हैं कि यदि कोई महिला रक्षा बंधन या भाई दूज के दिन बस को रुकने का इशारा करती है, तो वाहन को रोकना अनिवार्य होगा।

यदि ऐसा न करने की शिकायत मिलती है तो संबंधित चालक या परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

निगम ने स्पष्ट किया है कि यह निश्शुल्क यात्रा सुविधा केवल हिमाचल प्रदेश की सीमाओं के भीतर ही मान्य होगी।

उदाहरण के तौर पर, शिमला से चंडीगढ़ जाने वाली महिला यात्री को परवाणू तक फ्री यात्रा मिलेगी, उसके बाद सामान्य किराया देना होगा।

इसी प्रकार चंडीगढ़ से शिमला आने वाली महिला को परवाणू तक किराया देना होगा, और परवाणू के बाद यात्रा निश्शुल्क होगी।

गौरतलब है कि एचआरटीसी महिलाओं को सामान्य दिनों में भी बस किराये में 50 प्रतिशत की छूट देता है। भाई दूज और रक्षा बंधन जैसे विशेष अवसरों पर महिलाओं को सम्मान देने के उद्देश्य से निगम यह विशेष सुविधा उपलब्ध कराता है।

Share the news