
रोहड़ू। राष्ट्रीय राजमार्ग- पर मुंगरा में चलती कार और स्कूटी पर एक पेड़ के गिर गया। हादसे में चार लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। सभी की हालात खतरे से बाहर बताई जा रही है। कार में सवार दो लोग सनैल से कुडड़ू की ओर जा रहे थे। सोमवार दोपहर कुड्डू पहुंचने से पहले मुंगरा के पास अचानक कार पर पेड़ गिर गया। इस हादसे में कार में सवार दो लोगों को चोटें आई हैं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार दो लोग भी पेड़ की चपेट में आ गए। ये भी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए रोहड़ू अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों के अनुसार जंगल में आग लगने के बाद चीड़ के अधजले पेड़ों से लगातार खतरा बना हुआ है। सोमवार को भी जो पेड़ वाहनोंं पर गिरा, वह भी अधजला था। इस घटना की सूचना लोगों ने उपमंडल प्रशासन जुब्बल को दी है। इससे कुछ समय के लिए सड़क भी बाधित रही। जुब्बल के एसडीएम गुरमीत नेगी ने कहा कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके के पटवारी को इसकी रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।





