Himachal : सीएम सुक्खू बोले- पेट्रोल और डीजल की कीमतें नहीं बढ़ाई, सेस से जुड़ा बिल अभी तक कानून नहीं बना

मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 5 रुपये की भारी बढ़ोतरी पर निशाना साधा। जिस पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा और सांसद अनुराग ठाकुर पर पलटवार किया है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर ‘अनाथ और विधवा सेस’ लगाने का फैसला किया है। विधानसभा में भारी विरोध और विपक्ष के वॉकआउट के बीच यह संशोधन विधेयक पास हो गया है। जिसका काफी विरोध हो रहा है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘हिमाचल भाजपा इस समय अंदरूनी गुटबाजी से जूझ रही है और पांच अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है। इस राजनीतिक खींचतान के बीच, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर अपने गुट की राजनीतिक अहमियत तलाशने की कोशिश कर रहे हैं।’

उन्होंने आगे लिखा कि ‘कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देकर, वे केंद्रीय मंत्रिमंडल में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश कर रहे हैं। सच तो यह है कि राज्य सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं। केंद्र में वित्त राज्य मंत्री रह चुके होने के बावजूद, ऐसा लगता है कि उन्हें कानून की समझ नहीं है। सेस से जुड़ा बिल अभी तक कानून नहीं बना है, फिर भी जनता को गुमराह करने की कोशिशें की जा रही हैं। हकीकत यह भी है कि हरियाणा समेत भाजपा-शासित कई राज्यों में, ईंधन की कीमतें अभी भी हिमाचल प्रदेश से ज्यादा हैं।’

Share the news