Himachal : हरिपुरधार बस हादसे में घायल यात्रियों के सोलन अस्पताल पहुंचने की खबर जैसे ही शहर में फैली, वैसे ही लोगों का दिल भर आया।

हरिपुरधार बस हादसे में घायल यात्रियों के सोलन अस्पताल पहुंचने की खबर जैसे ही शहर में फैली, वैसे ही लोगों का दिल भर आया। कोई खुद को रोक नहीं पाया और अस्पताल की ओर मदद और संवेदना लेकर पहुंचने लगा। हर चेहरा चिंता और पीड़ा से भरा हुआ था, हर आंख घायल यात्रियों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रही थी।
इसी क्रम में सोलन नगर निगम की उप महापौर मीरा आनंद आज सुबह स्वयं सोलन अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों का कुशलक्षेम जाना, उनके परिजनों से बातचीत की और इस कठिन समय में हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। मीरा आनंद ने कहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि पूरे समाज का दर्द है और इस दुख की घड़ी में सोलन नगर निगम तथा शहरवासी पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन से भी बातचीत कर घायलों के बेहतर उपचार की जानकारी ली और ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, लेकिन मानवीय संवेदनाओं और एकजुटता ने यह साबित कर दिया कि दुख की घड़ी में इंसानियत सबसे बड़ी ताकत होती है।

Share the news