
हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दौरान गुरुवार को शून्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सोशल मीडिया पर टिप्पणी के मामले में कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी का मुद्दा भी उठा। गगरेट के विधायक राकेश कालिया ने शून्यकाल में इस मसले को उठाते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने के अनिल डढवाल की गिरफ्तारी हुई है। यह अभिव्यक्ति का प्रश्न है। पहले अनिल को पुलिस ने बताया कि यह जमानती अपराध है और जब वह दिल्ली गए तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि इस मसले को दिल्ली पुलिस के समक्ष उठाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे तो प्रदेश में मुख्यमंत्री के बारे में सोशल मीडिया पर कई प्रकार के पोस्ट किए जाते हैं। यदि दिल्ली पुलिस ऐसे मामलों में कार्रवाई करेगी तो प्रदेश सरकार भी इस तरह के मामलों में कार्रवाई करेगी। चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने राकेश कालिया की बातों का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं पर केस किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट को इतना बड़ा अपराध बना दिया गया। सरकार के कार्यों की आलोचना करना लोगों का अधिकार है। इससे पहले भी दिल्ली पुलिस एआई समिट में प्रदर्शन के मामले में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर चुकी है। इस तरह की कार्रवाई पूरी तरह से गलत है। प्रदेश सरकार को इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए।
डेढ़ साल से चंबा में मेडिकल कॉलेज का भवन तैयार, उपकरणों और भर्तियों की प्रक्रिया में आए तेजी
भाजपा के विधायक नीरज नैय्यर ने शून्य काल में मेडिकल कॉलेज चंबा का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के भवन को तैयार हुए डेढ़ साल का समय बीत गया है लेकिन अभी तक उपकरण, फर्नीचर खरीद की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, टेंडर लगे हैं। इस वजह से भवन का रंग तक उखड़ने लगा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि खरीद प्रक्रिया के साथ ही आउटसोर्स और अन्य कर्मचारियों की भर्ती की प्रक्रिया को भी शुरू कर दिया जाए।
मलेंद्र राजन ने नूरपुर पुलिस में खाली पदों का मुद्दा उठाया
इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने शून्यकाल में नूरपुर पुलिस में खाली पदों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां पर अवैध गतिविधियां अधिक है लेकिन पदों के खाली होने के कारण पुलिस को कार्रवाई में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन में कई पदों का सृजन नहीं किया गया है जबकि उसके साथ गठित पुलिस जिलों में यह प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने एक पुलिस चौकी खोलने की भी मांग की।
अनुराधा ने कहा, एलपीजी रिफिल की समय सीमा में हो कटौती
विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष के कारण एलपीजी सिलिंडरों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से केंद्र सरकार ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सिलिंडर रिफिल करने के लिए 25 और 45 दिन की समय सीमा रखी गई है। उन्होंने कहा कि लाहौल स्पीति जैसे क्षेत्र में जहां, वन नहीं है, यह समय सीमा अधिक है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों की समय सीमा को घटाने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष मामला उठाया जाए।





