HP Govt CBSE Schools: सीबीएसई स्कूलों में परीक्षा की मेरिट के आधार पर होगी शिक्षकों की तैनाती, जानें शर्तें

हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की पोस्टिंग परीक्षा की मेरिट के आधार पर होगी। परीक्षा में टॉप करने वाले शिक्षक के पास अपनी पसंद के स्कूल का चयन करने का विकल्प रहेगा। स्क्रीनिंग टेस्ट के बाद दस्तावेज सत्यापन व काउंसलिंग करने के बाद विषयवार मेरिट सूची तैयार होगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने बोर्ड को परीक्षा संचालन, पोस्टिंग प्रक्रिया को मेरिट-कम-प्रेफरेंस से पूरा करने के निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश के 145 स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से सीबीएसई का पाठ्यक्रम पढ़ाया जाना है। शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के अनुसार चयन प्रक्रिया स्क्रीनिंग टेस्ट से शुरू होगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग कर विषयवार मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
निदेशालय का तर्क है कि मेरिट आधारित पोस्टिंग से गुणवत्ता सुनिश्चित होगी और स्कूलों के बीच संतुलन भी बना रहेगा। नई व्यवस्था के तहत परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले शिक्षक को अपनी पसंद के स्कूल का चयन करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद क्रमवार मेरिट सूची के अनुसार अन्य शिक्षकों से विकल्प लिए जाएंगे। यदि किसी स्कूल के लिए अधिक आवेदन आते हैं तो उच्च मेरिट वाले को प्राथमिकता दी जाएगी। बोर्ड को निर्देश दिए गए हैं कि वह प्रत्येक अभ्यर्थी का विस्तृत डाटा, जिसमें मेरिट पोजीशन, श्रेणी, प्राप्तांक, सत्यापित दस्तावेज और पोस्टिंग वरीयताएं शामिल हों, शिक्षा निदेशालय को उपलब्ध कराए।

शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने उदाहरण देते हुए कहा गया है कि यदि किसी विषय में 134 पद उपलब्ध हैं तो टॉपर शिक्षक के पास सभी 134 विकल्प खुले रहेंगे, दूसरे स्थान पर रहने वाले के पास 133 विकल्प और इसी क्रम में आगे विकल्प घटते जाएंगे। इसलिए पोस्ट-वाइज काउंसलिंग कराना आवश्यक होगा।

Share the news