HPPSC: मोबाइल एप से होंगे अब आवेदन, चेहरे की प्रमाणिकता से होगी अभ्यर्थियों की पहचान

हिमाचल प्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए एप्लीकेंट और अटेंडेंस नाम से दो एप लॉन्च किए हैं। एप से अभ्यर्थी अब अपने मोबाइल फोन से ही आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा के दौरान चेहरे की प्रमाणिकता के माध्यम से उनकी पहचान सुनिश्चित की जाएगी। यह एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध हैं। एप से अभ्यर्थी साइबर कैफे या कॉमन सर्विस सेंटर के बजाय सीधे अपने मोबाइल फोन से आवेदन कर सकेंगे। इससे विशेष रूप से दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। लोकसेवा आयोग का कहना है कि नई मोबाइल आधारित प्रणाली से अभ्यर्थी किसी भी स्थान से आवेदन कर सकेंगे। इससे आवेदन प्रक्रिया आसान होगी और अभ्यर्थियों के समय और खर्च की बचत होगी।
अब तक कई अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के लिए साइबर कैफे या सीएससी केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन मोबाइल ऐप से यह प्रक्रिया सरल हो जाएगी। आयोग ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए अटेंडेंस ऐप भी शुरू किया है। इस ऐप के माध्यम से परीक्षा के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फेस ऑथेंटिकेशन प्रणाली लागू की जाएगी। इस प्रणाली में आवेदन के समय ली गई अभ्यर्थी की फोटो का मिलान परीक्षा केंद्र पर ली जाने वाली लाइव फोटो से किया जाएगा। इससे रियल टाइम सत्यापन संभव होगा और फर्जी अभ्यर्थियों की संभावना कम होगी।

आयोग के अनुसार फेस ऑथेंटिकेशन प्रणाली से प्रतिरूपण जैसी घटनाओं पर रोक लगेगी और परीक्षा प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी बनेगी। इससे भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी। भविष्य में वन टाइम रजिस्ट्रेशन में आधार आधारित प्रमाणीकरण लागू करने की तैयारी भी की जा रही है।

इसके लिए राज्य सरकार ने आयोग को भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में अभ्यर्थियों की पहचान स्थापित करने के लिए आधार के उपयोग की अनुमति दी है। आयोग की यह पहल भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मोबाइल ऐप, फेस ऑथेंटिकेशन और आधार आधारित पहचान व्यवस्था लागू होने से आवेदन और परीक्षा दोनों प्रक्रियाएं अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनने की उम्मीद है।

Share the news