HPSEB एम्प्लॉयज यूनियन ने चेयरमैन-एमडी से की शिष्टाचार भेंट, पदोन्नति व लंबित भुगतानों पर उठाए मुद्दे

शिमला।
HPSEB एम्प्लॉयज यूनियन के पदाधिकारियों ने यूनियन के पैटर्न हीरा लाल वर्मा, प्रदेशाध्यक्ष नीतीश भारद्वाज और महासचिव प्रशान्त शर्मा के नेतृत्व में बिजली बोर्ड के चेयरमैन Prabodh Saxena तथा प्रबंध निदेशक Aditya Negi से शिष्टाचार भेंट की।

बैठक में तकनीकी कर्मियों की पदोन्नति से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। यूनियन ने बताया कि पदोन्नति की फाइलें हेड ऑफिस मंगाकर अलग-अलग तिथियों में फील्ड को स्वीकृत की गईं, जिसके कारण विभिन्न तिथियों में जारी आदेशों से वरिष्ठ कर्मचारी कनिष्ठ हो गए हैं। इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। विस्तृत चर्चा के बाद चेयरमैन ने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लेकर आवश्यक सुधार किया जाएगा।

यूनियन ने प्रबंधन द्वारा कुछ श्रेणियों को मोबाइल भत्ता तथा एम एंड टी विंग के कर्मचारियों को प्रोटेक्शन भत्ता जारी करने के आदेशों के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही अन्य कार्यालय एवं लेखा वर्ग के कर्मचारियों को भी मोबाइल भत्ता प्रदान करने की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने जेओए (आईटी) कर्मचारियों की पुष्टि के आदेश शीघ्र जारी करने, दैनिक एवं अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया को तेज करने तथा करुणामूलक आधार पर लंबित मामलों का निपटारा करने की मांग की। इसके अतिरिक्त अंडर सेक्रेटरी, सेक्शन ऑफिसर, दफ्तरी और चपरासी पदों के लिए शीघ्र डीपीसी आयोजित करने की मांग भी उठाई गई।

यूनियन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की दो वर्षों से लंबित ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट, कर्मचारियों के ओवरटाइम, टीए बिल, अन्य क्लेम और एरियर के भुगतान का मुद्दा भी मजबूती से रखा। साथ ही बोर्ड की बकाया राशि की वसूली के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।

चेयरमैन और प्रबंध निदेशक ने यूनियन को सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर उप महासचिव मनीष शर्मा, उप प्रधान मुन्नी लाल ठाकुर, उप महासचिव हेमराज भारद्वाज, संयुक्त सचिव रंगीन वर्मा, कार्यालय सचिव जय किशन शर्मा, मुख्यालय इकाई प्रधान अमित भरोटा, जिला शिमला ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी कुंदन मेहता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

— प्रशान्त शर्मा
महासचिव
HPSEB एम्प्लॉयज यूनियन

Share the news