
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों में अब यात्रियों की सुरक्षा और निगरानी को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। निगम की बसों में जल्द ही एआईएस-140 मानक के व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस लगाए जाएंगे। केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय परमिट प्राप्त सार्वजनिक सेवा वाहनों में इस तकनीक को अनिवार्य किए जाने के बाद एचआरटीसी ने इसकी खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम प्रबंधन के अनुसार, इन आधुनिक डिवाइस के माध्यम से बसों की रियल-टाइम लोकेशन की सटीक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इससे न केवल संचालन की निगरानी आसान होगी, बल्कि यात्रियों को भी बसों की स्थिति के बारे में अपडेट मिल सकेगा।
खासकर लंबी दूरी और पहाड़ी रूटों पर यह तकनीक काफी उपयोगी साबित होगी। एआईएस-140 डिवाइस में इमरजेंसी बटन की सुविधा भी होगी, जिसे दबाते ही कंट्रोल रूम को तुरंत अलर्ट पहुंच जाएगा। इससे दुर्घटना, छेड़छाड़ या अन्य किसी आपात स्थिति में त्वरित राहत और सहायता उपलब्ध करवाई जा सकेगी। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से इसे अहम कदम माना जा रहा है। इस परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन को नोडल एजेंसी बनाया गया है।
कॉरपोरेशन ने डिवाइस की आपूर्ति और स्थापना के लिए विभिन्न कंपनियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। तकनीकी मानकों के अनुरूप कंपनियों का चयन किया जाएगा, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से बसों में डिवाइस लगाए जाएंगे। केंद्र सरकार ने सभी राष्ट्रीय परमिट धारक सार्वजनिक सेवा वाहनों में एआईएस-140 मानक के व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और इमरजेंसी बटन लगाना अनिवार्य किया है। इसी के तहत एचआरटीसी भी अपने बेड़े को आधुनिक तकनीक से लैस करने जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।





