Mandi : बल्ह में कांग्रेस को बड़ा झटका: गुरबचन सिंह समर्थकों सहित भाजपा में शामिल

मंडी : नगर निगम मंडी के अंतर्गत बल्ह विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा, जब क्षेत्र के जाने-माने बिजनेसमैन और समाजसेवी गुरबचन सिंह अपने दर्जनों समर्थकों सहित भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

बताया गया कि गुरबचन सिंह ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा बल्ह के लोकप्रिय विधायक इंद्र सिंह गांधी के नेतृत्व से प्रभावित होकर कांग्रेस छोड़ने का निर्णय लिया।

शाम के समय गुटकर स्थित अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में गुरबचन सिंह ने अपने समर्थकों के साथ औपचारिक रूप से भाजपा का दामन थामा। इस अवसर पर भाजपा जिला मंडी के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, नेरचौक मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, मंडल महामंत्री पवन कुमार, मनीष सैनी तथा उपाध्यक्ष केदारनाथ विशेष रूप से उपस्थित रहे।

नेताओं ने गुरबचन सिंह और उनके समर्थकों का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में पार्टी और अधिक सशक्त होगी।

इस घटनाक्रम को बल्ह विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ने की संभावना है।

Share the news