Mandi में 29 मार्च से एचपीवी टीकाकरण अभियान, 8427 बालिकाएं होंगी लाभान्वित

मंडी,
जिला मंडी में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान 29 मार्च से प्रारंभ होगा। अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग (3 माह की अतिरिक्त छूट सहित) की 8427 बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जिला टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जन-जागरूकता के लिए विशेष सूचना एवं प्रेरणा अभियान चलाने पर बल दिया।

उपायुक्त ने कहा कि यह पहल बालिकाओं को भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिले के 69 निर्धारित टीकाकरण स्थलों पर कोल्ड चेन व्यवस्था, इंटरनेट सुविधा, यू-विन पंजीकरण प्रणाली तथा आपातकालीन दवाओं सहित एनाफिलेक्सिस किट उपलब्ध रहेगी।

सत्र तिथियां

रविवार को 29 मार्च, 5 अप्रैल और 12 अप्रैल को विशेष सत्र आयोजित होंगे।
कैचमेंट सत्र 19 अप्रैल, 10 मई, 24 मई और 21 जून 2026 को होंगे।
तीन माह के विशेष अभियान के बाद नियमित सत्र दिवसों पर भी टीकाकरण जारी रहेगा। बालिकाओं को अभिभावकों के साथ आना होगा और टीका खाली पेट नहीं लगाया जाएगा।

पात्रता व रणनीति

14 वर्ष पूर्ण कर चुकीं, लेकिन 15 वर्ष पूर्ण न करने वाली बालिकाएं पात्र होंगी। अभियान अवधि में 15 वर्ष तथा अतिरिक्त 90 दिन तक आयु में छूट रहेगी। एकल खुराक (0.5 मि.ली., इंट्रामस्क्युलर) टीका बाएं ऊपरी बांह में लगाया जाएगा।

सुरक्षा प्रबंध

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि एचपीवी टीका सुरक्षित और प्रभावी है। हल्का बुखार या इंजेक्शन स्थल पर दर्द/सूजन जैसे सामान्य लक्षण हो सकते हैं, जबकि गंभीर प्रतिकूल प्रभाव अत्यंत दुर्लभ हैं। प्रत्येक केंद्र पर एनाफिलेक्सिस किट उपलब्ध रहेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाएगा। यू-विन प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन और ऑनसाइट पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

एचपीवी टीकाकरण का महत्व

विशेषज्ञों के अनुसार लगभग 99.7 प्रतिशत गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के मामले उच्च जोखिम वाले एचपीवी संक्रमण से जुड़े होते हैं। संक्रमण के बाद कैंसर विकसित होने में 5 से 20 वर्ष तक का समय लग सकता है, इसलिए किशोरावस्था में टीकाकरण सर्वाधिक प्रभावी माना जाता है। वैश्विक स्तर पर यह महिलाओं में चौथा सबसे सामान्य कैंसर है, जबकि भारत में दूसरा प्रमुख कैंसर है। समय पर टीकाकरण से 93 से 100 प्रतिशत तक सुरक्षा संभव मानी गई है।

बैठक में जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिपाली शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश ठाकुर, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अतुल गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news