Mandi : जरूरतमंदों की सेवा ही सेवा भारती का लक्ष्य: पवन मिन्हास

मंडी। सेवा भारती जिला मंडी द्वारा जरूरतमंद लोगों की सेवा के उद्देश्य से लगातार सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में क्षेत्रीय चिकित्सालय मंडी के नेत्र रोग विभाग को शल्य चिकित्सा उपकरण भेंट किए गए।

इस अवसर पर सेवा भारती मंडी के अध्यक्ष पवन मिन्हास ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता करना है। उन्होंने बताया कि सेवा भारती मंडी अस्पताल में गरीब मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाने के साथ-साथ आवश्यक उपकरण भी प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के नेत्र रोग विभाग में शल्य उपकरण की काफी आवश्यकता थी, जो अत्यंत महंगा था। इस संबंध में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश ठाकुर एवं नेत्र रोग विभाग के प्रमुख डॉ. भूप सिंह ठाकुर द्वारा सेवा भारती को पत्र लिखकर उपकरण उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया था।

सेवा भारती मंडी की कार्यकारिणी ने इस मांग को उचित मानते हुए शल्य उपकरण खरीदकर अस्पताल को भेंट किए। इसके अलावा संस्था द्वारा अस्पताल को एक्वागार्ड, कूलर व अन्य आवश्यक उपकरण भी दिए गए हैं।

पवन मिन्हास ने बताया कि आपदा काल में सेवा भारती मंडी द्वारा करीब 5 लाख रुपये की सहायता सामग्री के रूप में प्रभावित परिवारों को दी गई। वहीं, बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने और नशे से दूर रखने के उद्देश्य से संस्कार केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं, जहां गरीब बच्चों को शिक्षिका के माध्यम से पढ़ाया जा रहा है।

इस मौके पर सेवा भारती मंडी के सचिव डॉ. देवेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष अमरचंद ठाकुर, सदस्य राजकुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Share the news