
मेरा युवा भारत मंडी द्वारा युवाओं को देश की आर्थिक नीतियों, बजट प्रक्रिया और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से “बजट क्वेस्ट” कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। यह पहल एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच के रूप में उभर कर सामने आई है, जिसके माध्यम से युवा अपने विचार, सुझाव और दृष्टिकोण सीधे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी तक पहुँचा सकते हैं।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में बजट से जुड़ी समझ विकसित करने के साथ-साथ विश्लेषणात्मक सोच, रचनात्मक अभिव्यक्ति और लोकतांत्रिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है।
“बजट क्वेस्ट” दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है।
प्रथम चरण में क्विज प्रतियोगिता होगी, जिसमें केंद्रीय बजट, आर्थिक योजनाओं और शासन से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं दूसरे चरण में निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागी बजट और राष्ट्र निर्माण से संबंधित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इस प्रक्रिया से विद्यार्थियों को देश की आर्थिक दिशा और नीतियों को समझने का व्यावहारिक अवसर मिलेगा।
मंडी जिला में इस कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के कुलपति प्रोफेसर ललित अवस्थी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “बजट क्वेस्ट युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिससे उनका ज्ञानवर्धन होगा और उन्हें माननीय प्रधानमंत्री के साथ अपने विचार साझा करने का मंच मिलेगा।” उन्होंने विद्यार्थियों से इस पहल में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं सभी शैक्षणिक संस्थानों से आग्रह किया गया है कि वे इस कार्यक्रम की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और विद्यार्थियों को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
“बजट क्वेस्ट” युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक बनाने की दिशा में एक सार्थक और प्रभावी कदम साबित हो रहा है।





