Shimla : एक्सपायर्ड फिटनेस के साथ चल रही थी निजी जब्त, चालक के पास लाइसेंस तक नहीं था; RTO ने की कार्रवाई

राजधानी शिमला में आरटीओ ने बिना वैध दस्तावेजों और एक्सपायर्ड फिटनेस वाली एक निजी बस (HP-51-3201) जब्त की है। बस को आगे की कार्रवाई तक एचआरटीसी कार्यशाला में रखा गया है। जांच में सामने आया कि बस का फिटनेस प्रमाणपत्र एक्सपायर्ड था और वैध परमिट नहीं था। वहीं, चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र भी नहीं था। इसके साथ ही विशेष सड़क कर लंबित था और 2021 से बकाया है। बस अपने परमिट मार्ग से भी बाहर चल रही थी।
आरटीओ शिमला विश्व मोहन देव चौहान ने कहा कि यह यात्री बस सुरक्षा के लिए खतरा थी। लापरवाही से संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब्त बस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही आरटीओ शिमला ने जनता से अपील की है कि यदि कोई ऐसा वाहन देखा जाए जो बिना दस्तावेज या असुरक्षित हो, तो इसकी सूचना तुरंत आरटीओ शिमला को दें।

Share the news