
रामपुर/शिमला,
एसजेवीएन के रामपुर जलविद्युत स्टेशन (412 मेगावाट) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक का सबसे अधिक 2108.034 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अपने 11 साल के संचालन इतिहास में पहली बार परियोजना ने 2100 मिलियन यूनिट का आंकड़ा पार किया है।
इससे पहले वर्ष 2019-20 में 2098.03 मिलियन यूनिट का सर्वाधिक उत्पादन दर्ज किया गया था, जिसे अब छह साल बाद पीछे छोड़ दिया गया है। खास बात यह भी रही कि परियोजना ने 1,878 मिलियन यूनिट के डिजाइन एनर्जी लक्ष्य को तय समय से काफी पहले ही हासिल कर लिया था, जो अब तक की सबसे तेज उपलब्धि मानी जा रही है।
इस उपलब्धि पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का परिणाम बताया। निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने कहा कि यह सफलता कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और टीम भावना का प्रतिफल है, वहीं निदेशक (वित्त) पार्थजित डे ने इसे संगठन की मजबूत प्रचालन क्षमता और ऊर्जा क्षेत्र में योगदान का प्रतीक बताया।
परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने भी इस उपलब्धि को टीमवर्क और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रमाण बताते हुए कहा कि यह सफलता परिचालन दक्षता और संसाधनों के बेहतर उपयोग को दर्शाती है।
रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन लगातार नए मानक स्थापित करते हुए न केवल अपेक्षाओं पर खरा उतर रहा है, बल्कि ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को भी छू रहा है।





