Shimla : राजधानी शिमला में येलो लाइन समेत वार्डाें में बनी पार्किंग होंगी महंगी, शुल्क बढ़ाएगा एमसी

राजधानी के उपनगरों में येलो लाइन समेत नगर निगम की करीब 120 छोटी-बड़ी कवर्ड और रोड साइड पार्किंग में अब लोगों को पहले से ज्यादा शुल्क चुकाना पड़ सकता है। नगर निगम इन सभी पार्किंग की दरें बढ़ाने जा रहा है। संपदा शाखा ने इसका विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर लिया है। अगले हफ्ते महापौर सुरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में होने वाली वित्त संविदा एवं योजना समिति की मासिक बैठक में इस पर चर्चा होगी। इस महीने के अंत में होने वाले नगर निगम के सदन में इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार पार्किंग दरों में 20 से 40 फीसदी की बढ़ोतरी करने की तैयारी है। हालांकि सदन तय करेगा कि कितनी फीसदी दरें बढ़ानी हैं। नगर निगम के अनुसार शहर में प्रति घंटा पार्किंग दरें साल 2011 के बाद से नहीं बढ़ी हैं। साल 2017-2018 के बाद निगम ने इन्हें बढ़ाने के लिए चर्चा की थी लेकिन पार्षदों के विरोध के चलते इन्हें मंजूरी नहीं मिल पाई।
विज्ञापन

शहर के कई वार्डाें में नगर निगम की पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के लिए लोगों में मारामारी रहती है। शहर में नगर निगम की 120 से ज्यादा घरेलू और व्यावसायिक पार्किंग बनी हैं। इनमें ज्यादातर रोड साइड, स्टील की पार्किंग हैं। कई उपनगरों में कवर्ड पार्किंग भी बनी हैं। निगम इनका संचालन ठेकेदारों के माध्यम से कर रहा है। कई वार्डाें में पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर पार्किंग की सुविधा दी जा रही है। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने कहा कि अभी इस प्रस्ताव की फाइल उनके पास नहीं आई है। पार्किंग दरों पर सदन अंतिम फैसला लेगा।
स्मार्ट सिटी की नई पार्किंग भी पांच गुना तक महंगी
शहर में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बन रही सात नई पार्किंग में भी लोगों को तीन से पांच गुना तक ज्यादा शुल्क चुकाना होगा। इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। मार्च से एसडीए, ऑकलैंड, टुटू और संकटमोचन जैसी पार्किंग में ये नई दरें लागू हो जाएंगी। इन पार्किंग की नई दरें वर्तमान व्यावसायिक दरों से करीब तीन गुना तक ज्यादा है। शहर में निगम की 120 से ज्यादा छोटी-बड़ी और येलो लाइन पार्किंग में करीब 6000 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता है। स्मार्ट सिटी की सात नई पार्किंग बनने से यह क्षमता आठ हजार तक पहुंच जाएगी।

राजधानी में पार्किंग की व्यावसायिक दरें
समय दोपहिया कार बड़े वाहन
0-2 घंटे 5 रुपये 15 रुपये 20 रुपये
0-4 घंटे 10 रुपये 30 रुपये 40 रुपये
0-6 घंटे 20 रुपये 50 रुपये 60 रुपये
0-12 घंटे 40 रुपये 100 रुपये 120 रुपये
0-24 घंटे 80 रुपये 170 रुपये 200 रुपये
राजधानी में अभी घरेलू पार्किंग की दरें
समय दोपहिया कार बड़े वाहन
0-2 घंटे 5 रुपये 10 रुपये 15 रुपये
0-4 घंटे 5 रुपये 15 रुपये 20 रुपये
0-6 घंटे 10 रुपये 20 रुपये 25 रुपये
0-12 घंटे 15 रुपये 25 रुपये 30 रुपये
0-24 घंटे 20 रुपये 30 रुपये 35 रुपये

Share the news