
भारतीय जनता युवा मोर्चा, सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष राहुल शर्मा ने कहा कि 1 फरवरी 2026 को प्रस्तुत केंद्रीय बजट विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी बजट है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट युवाओं के लिए रोज़गार सृजन, कौशल विकास, स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन, शहरी अधोसंरचना, डिजिटल विकास के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र को भी नई दिशा प्रदान करता है।
राहुल शर्मा ने कहा कि बजट में पर्यटक गाइडों के कौशल उन्नयन, प्रशिक्षण और रोजगार अवसरों पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि इस बजट में मध्यम वर्ग को राहत, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को केंद्र में रखा गया है, जिससे देश की आर्थिक एवं सामाजिक संरचना और अधिक सुदृढ़ होगी।
राहुल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा इस जनहितकारी बजट का स्वागत करता है और बजट की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।





