
पंजाब से सटे नूरपुर में अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। गिरोह का मुख्य सरगना दुबई से इस रैकेट को चला रहा है। इस मामले में पुलिस ने अभी तक कुल तीन करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति जब्त की है। पिछले नौ दिन में नूरपुर पुलिस ने एक किलो 92.93 ग्राम सोने व 99.45 ग्राम चांदी के गहने, एक करोड़ 19 लाख 90 हजार रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन, दो लाइफ इंश्योरेंस बाॅन्ड के अलावा छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चार बैंक खातों में जमा करीब 52 लाख 52 हजार 424 रुपये सीज किए हैं।
नूरपुर के पुलिस अधीक्षक अशोक रतन ने कहा कि 27 अक्तूबर 2024 को थाना डमटाल के तहत कंवलजीत सिंह निवासी अर्जुन नगर (अमृतसर) के कब्जे से 262 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इसके बाद नूरपुर पुलिस ने 8 अप्रैल को एक अन्य आरोपी राजेश निवासी अर्जुन नगर (अमृतसर) को धर्मशाला से गिरफ्तार किया। राजेश ने नशे का सारा नेटवर्क दुबई से ऑपरेट होने की बात कबूल की। 13 अप्रैल को नशा तस्कर राज कुमार उर्फ सेठी निवासी भदरोआ (इंदौरा), 15 अप्रैल को आरोपी लखविंद्र कोहली निवासी भदरोआ को गिरफ्तार किया। लखविंद्र से पूछताछ के आधार पर मोहित सिंह टोनी निवासी सुंदरनगर (पठानकोट) के रिहायशी मकान से करीब 4 लाख रुपये, 67.93 ग्राम सोने व 95.45 ग्राम चांदी के गहने, दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि लखविंद्र ने चिट्टे की तस्करी से अर्जित संपत्ति को पठानकोट के गगन सरना निवासी हाउस नंबर 24/1/84 सेनगढ़ के पास रखा है। इसके बाद पुलिस ने 16 अप्रैल को बड़ी मात्रा में नकदी और जेवरात बरामद किए। 17 अप्रैल को पुलिस ने मोहित सिंह उर्फ टोनी निवासी सुंदरनगर पठानकोट को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके रिहायशी मकान से पुलिस ने छह वाहनों के दस्तावेज, तीन वाहनों की चाबियां, छह एटीएम कार्ड, 12 चेकबुक, 12 पासबुक और दो कारें बरामद की गईं। इस ड्रग रैकेट के मुख्य सरगना विशाल पुत्र लखविंद्र कोहली पर नूरपुर थाना में भी 1 फरवरी 2023 को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी विशाल उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद फरार चल रहा है।





