अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी

मंडी,

भर्ती निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय, मंडी कर्नल गौतम निशान्त ने सूचित किया है कि अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की वर्ष 2025-26 की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड joinindianarmy.nic.in वेबसाइट पर जारी कर दिए गये हैं।

उन्होंने बताया कि सभी उम्मीदवार अपने पंजीकृत ई मेल और joinindianarmy.nic.in वेबसाइट पर लॉग इन करके अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। उम्मीदवार प्रवेश पत्र में दर्शाई गयी तिथि के अनुरूप ट्रेनिंग ग्राउंड, थर्ड इंडिया रिजर्व बटालियन पंडोह में भर्ती रैली के लिए आना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि 22 मार्च, 2026 से 30 मार्च, 2026 तक आयोजित इस भर्ती में मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पिति जिले के लिखित परीक्षा वर्ष-2025 में उत्तीर्ण उम्मीदवार भाग लेंगे।

भर्ती निदेशक ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे भर्ती रैली संबंधी जारी अधिसूचना के मुताबिक सभी अपेक्षित दस्तावेज अपने साथ लाना सुनिश्चित करें और निर्धारित भर्ती तिथि और समय के मुताबिक रैली के लिए पहुंचें। अगर किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई समस्या आती है तो वो सेना भर्ती कार्यालय मंडी में संपर्क कर सकते हैं और उनकी समस्या का यथासंभव समाधान किया जायेगा।

Share the news