
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
17 अप्रैल 2023
प्रयागराज में शनिवार की रात में कॉल्विन अस्पताल में हुई माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के मामले में रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब अतीक और अशरफ की हत्या के तार वेस्ट यूपी के गैंगस्टर सुंदर भाटी से जुड़ रहे हैं। अतीक और अशरफ की हत्या में शामिल सनी सिंह भी सुंदर भाटी के साथ हमीरपुर जेल में बंद रहा था।
मामले में सुंदर भाटी के इशारे पर हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। वारदात को पाकिस्तान से लाई गई जिगाना पिस्टल से अंजाम दिया गया। आशंका है कि पिस्टल गैंगस्टर सुंदर भाटी के गुर्गों ने ही आरोपियों को मुहैया कराई थी। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
सोशल मीडिया में यह बात भी खूब प्रसारित हो रही है कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या भी इसी तरह की पिस्टल से की गई थी। वेस्ट यूपी के गैंगस्टर सुंदर भाटी पर हत्या, हत्या की कोशिश व रंगदारी के 60 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पिछले साल सुंदर भाटी को हरेंद्र प्रधान की हत्या में जिला न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। सुंदर भाटी लंबे समय से हमीरपुर जेल में बंद है।
अतीक अहमद और अशरफ की हत्या में शामिल आरोपी सनी सिंह पर 14 केस दर्ज हैं। सनी सिंह, हमीरपुर जेल में सुंदर भाटी के साथ बंद रहा है। साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले और आर्थिक रूप से कमजोर हत्यारोपी सनी सिंह, लवनेश और अरुण मौर्य पर पिस्टल कहां से आईं या किसने मुहैया कराईं। इन सवालों का अब तक ठोस जवाब नहीं मिल पाया है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





