Kullu : अधिकारियों के सम्मान में फेयरवेल एवं स्वागत कार्यक्रम का आयोजन

कुल्लू
जिला प्रशासन बुधवार को बहुउद्देश्यीय भवन में उपायुक्त कुल्लू रहीं तोरुल एस. रवीश के सम्मान में फेयरवेल तथा नवपदस्थ उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा के स्वागत (वेलकम) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं भावनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुआ।इस अवसर पर तोरुल एस. रवीश ने कहा कि कुल्लू जिले में उनका लगभग दो वर्ष का कार्यकाल अत्यंत सुखद, रचनात्मक एवं स्मरणीय रहा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी विभागों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य किया, जिसके कारण प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो सका। उन्होंने जिलेवासियों के सहयोग एवं स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।
उपायुक्त कुल्लू, अनुराग चंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कुल्लू जिला प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत, बागवानी एवं पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिले के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तोरुल एस. रवीश के कार्यकाल की सराहना की तथा अनुराग चंद्र शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार, एसडीएम निशांत ठाकुर, सहायक आयुक्त डॉ. जयबंती ठाकुर, सुरभि नेगी सहित उपायुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो कुल्लू सुशांत शर्मा की रिपोर्ट

Share the news