
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
28 मई 2023
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के बाद अब तकनीकी शिक्षा बोर्ड भी अपनी सभी परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में करवाएगा। इसके लिए प्रदेश भर में चल रहे बहुतकनीकी संस्थानों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में बोर्ड की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन शिक्षण संस्थानों में लगने वाले इन सीसीटीवी कैमरों का खर्चा भी तकनीकी शिक्षा बोर्ड ही उठाएगा। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने परीक्षाओं के दौरान होने वाली नकल को रोकने के लिए कदमताल शुरू कर दी है। प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव आरके शर्मा ने बताया कि बोर्ड की 58वीं बैठक और वित्त समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया है

उन्होंने बताया कि अभी हाल ही में हुई परीक्षाओं को भी तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित करवाया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड का प्रयास है कि अब सभी परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में ही करवाई जाएं। संस्थानों को तीन-तीन सीसीटीवी कैमरे बोर्ड प्रबंधन की ओर से मुहैया करवाए जाएंगे, जबकि वित्त की स्वीकृति प्रदान करने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं निदेशक तकनीकी शिक्षा की ओर से पूरी की जाएंगी। उन्होंने बताया कि तकनीकी शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नकल रोकने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की निगरानी तकनीकी शिक्षा बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला से भी की जाएगी।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





