आढ़तियों को फड़ पर लगानी होंगी वजन मापने की मशीनें जगत सिंह नेगी ने दिए निर्देश

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

25 अप्रैल 2023

बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने हिमाचल की सभी मंडियों में किलो के हिसाब से सेब बिक्री सुनिश्चित करने के लिए आढ़तियों को फड़ (ऑक्शन यार्ड) पर वजन मापने की मशीनें लगवाने के निर्देश दिए हैं। पेटियों में 24 किलो से अधिक सेब न भरा जाए, इसके लिए बागवानी विभाग को बागवानों को जागरूक करने का जिम्मा सौंपा गया है। सरकार ने आगामी सेब सीजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को बागवानी मंत्री ने सचिवालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बैठक में सीजन की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्धारित समय के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

मंडियों में किलो के हिसाब से सेब बिक्री की व्यवस्था लागू करने के लिए सभी आढ़तियों को मंडियों में अपने फड़ पर वजन मापने की मशीनें लगानी होंगी। वजन को लेकर कोई विवाद होने पर एपीएमसी की ओर से मंडी में उपलब्ध करवाई गई क्लास थ्री श्रेणी की मशीन पर वजन किया जाएगा। सरकार ने अधिकतम 24 किलो तक वजन की पेटी में सेब मंडी में लाने के निर्देश दिए हैं, बागवान पेटी में इससे अधिक सेब न लाए इसके लिए बागवानी विभाग को बागवानों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news