आपदा प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिलेगा सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार – डॉ मदन कुमार

#खबर अभी अभी मंडी ब्यूरो*

24 जुलाई 2024

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ मदन कुमार ने बताया है  कि केंद्र सरकार ने राष्ट्र स्तर पर व्यक्तियों और संस्थाओं द्वारा आपदा प्रबंधन में किए  उत्कृष्ट कार्यों  जैसे रोकथाम, शमन, तैयारी, बचाव, प्रतिक्रिया, राहत और पुनर्वास, अनुसंधान/नवाचार या पूर्व चेतावनी को  मान्यता देने के लिए  सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि पुरस्कार के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना आवश्यक है। कोई भी नागरिक या संस्था किसी भी नागरिक या संस्था को इस अवार्ड के लिए नॉमिनेट कर सकती है।

 वर्ष 2025 के लिए सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए नागरिक या  संस्थान 31 अगस्त 2024 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने आपदा प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य कर रहे नागरिकों और संस्थाओं से इस पुरस्कार के लिए आवेदन करने का आग्रह किया है।  उन्होंने बताया कि इस पुरस्कार में चयनित संस्था को 51 लाख रुपए नकद और एक प्रमाण पत्र तथा व्यक्तिगत मामले में 5 लाख रुपए नकद और एक प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। पुरस्कारों की घोषणा नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती 23 जनवरी को होगी।  पुरस्कार बारे अधिक जानकारी  और आवेदन  पोर्टल   https://awards.gov.in/ पर किया जा सकता है।

Share the news