

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
21 नवंबर 2022
उत्तर कोरिया के विदेश मंत्री चो सन हुई ने उनके देश के हालिया अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) परीक्षण की अमेरिका के साथ मिलकर निंदा करने को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। हुई ने गुतारेस को ‘अमेरिका की कठपुतली’ भी करार दिया। गुतारेस ने शुक्रवार को उत्तर कोरिया के आईसीबीएम परीक्षण की कड़ी निंदा करते हुए एक बयान जारी किया था और उससे ‘किसी भी भड़काऊ कार्रवाई को तुरंत रोकने’ का अपना आह्वान दोहराया था।
उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने विदेश मंत्री चो सन हुई के हवाले से एक बयान में कहा, ‘‘मैं अक्सर संयुक्त राष्ट्र महासचिव को अमरिका के व्हाइट हाउस या विदेश मंत्रालय का एक सदस्य पाता हूं।” उन्होंने कहा, ‘‘इस तथ्य पर अपना गहरा खेद व्यक्त करता हूं कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्य एवं सिद्धांतों और सभी मामलों में निष्पक्षता एवं समानता बनाए रखने के अपने उचित मिशन को दरकिनार करते हुए बेहद निंदनीय रवैया अपनाया है।” हुई ने आरोप लगाया कि गुतारेस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उत्तर कोरिया के आईसीबीएम परीक्षण की निंदा करते समय अमेरिका और उसके सहयोगियों की कार्रवाइयों को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि वह अमेरिका की कठपुतली हैं।”
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने जापान के अनुरोध पर उत्तर कोरिया के आईसीबीएम प्रक्षेपण पर सोमवार सुबह एक आपात बैठक बुलाई है। हालांकि, अभी स्पष्ट नहीं है कि इस बैठक में उत्तर कोरिया पर नए आर्थिक प्रतिबंध लगाने का फैसला किया जा सकता है या नहीं, क्योंकि परिषद के स्थायी सदस्य चीन और रूस ने अमेरिका व उसके सहयोगियों के बैलिस्टिक मिसाइलों के परीक्षणों को लेकर उत्तर कोरिया पर प्रतिबंध लगाने का इस साल की शुरुआत में कड़ा विरोध किया था। जी7 समूह के सदस्य देशों के शीर्ष राजनयिकों ने रविवार को एक संयुक्त बयान जारी कर उत्तर कोरियाई मिसाइल प्रक्षेपण के जवाब में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा कड़े कदम उठाने का आह्वान किया था।





