
#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*
24 जनवरी 2023
ऊना के महेंद्र पाल गुर्जर ने अतिरिक्त उपायुक्त ऊना का कार्यभार संभाला। वर्ष 2018 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी महेंद्र पाल गुर्जर मूल रूप से राजस्थान हैं। यहां पदभार संभालने से पहले वह नालागढ़ उप मंडलाधिकारी के रूप मेंं सेवाएं दे चुके हैं। नालागढ़ मेंं ढाई साल तक सेवारत रहे गुर्जर ने अपनी ईमानदार और कर्मठ प्रशासनिक कार्य प्रणाली के साथ-साथ कॉरपोरेट, सामाजिक दायित्व के माध्यम से करोड़ों के विकास कार्यों को जमीन पर उतारा। उपमंडल के शहरी, ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों में भी लोगों को इसका लाभ पहुंचाया। सीएसआर के तहत उपमंडल मुख्यालय नालागढ़ में ब्लड बैंक व डायलिसिस केंद्र, नालागढ़, बद्दी में बनाए इंडोर स्टेडियम, आंगनबाड़ी केंद्रों का आधुनिकीकरण और हेरिटेज पार्क जैसे कई कार्यों ने उन्हें विशेष पहचान दीं।
उपमंडल स्तरीय रेडक्रॉस सोसाइटी नालागढ़ के माध्यम से गरीब मरीजों की इलाज करवाने में सहायता, दिव्यांग और बुजुर्गों को व्हीलचेयर प्रदान करने जैसे पुनीत कार्य उन्होंने धरातल तक पहुंचाए। वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान विभिन्न कारणों से पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को दोबारा स्कूल में दाखिल करने के लिए उनके द्वारा नई दिशा नामक स्वयंसेवी संस्था के माध्यम से विशेष मुहिम चलाई। ऊना में पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने बताया कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*





