
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
7 मार्च 2023

हिमाचल पथ परिवहन निगम सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन की अहम बैठक मंगलवार को जिला मुख्यालय के पुराना बस अड्डा परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष किशोरी लाल ने की। इस मौके पर एचआरटीसी से रिटायर कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर विचार मंथन किया गया।
हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारी कल्याण संगठन के जिलाध्यक्ष किशोरी लाल ने कहा कि एचआरटीसी से रिटायर हुए बुजुर्गों के वित्तीय लाभ सरकार की तरफ लंबित चल रहे हैं। इन बुजुर्गों के इन समस्यायों पर न तो परिवहन निगम प्रबंधन कोई ध्यान देता है और न ही सरकारें। उन्होंने कहा कि यह विडंबना है कि अपने हक को पाने की आस में एचआरटीसी से रिटायर कई बुजुर्ग स्वर्ग सिधार रहे हैं।
लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को भी कार्यकाल संभाले 3 महीने का समय बीत चुका है सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन द्वारा मौजूदा सरकार को पर्याप्त समय दिया जा रहा है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार एचआरटीसी से रिटायर बुजुर्गों की समस्याओं और मांगों पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रही।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन





