# एसडीम के पास शिकायत लेकर पहुंचा बुजुर्ग |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

8 मई 2023

जिला मुख्यालय ऊना पर बतौर एसडीएम तैनात किए गए युवा हिमाचल प्रशासनिक अधिकारी विश्व मोहन देव चौहान लोगों में खासे लोकप्रिय होते जा रहे हैं। एसडीम का लोगों की समस्याओं के त्वरित निपटान के लिए एक्शन में आना इसका एक प्रमुख कारण है। सोमवार को एसडीम के पास शिकायत लेकर पहुंचे अजौली पंचायत के 86 वर्षीय प्रेमचंद की समस्या का निपटारा करने के लिए खुद अधिकारी बुजुर्ग को अपनी गाड़ी में लेकर मौके की तरफ निकल गए।

बुजुर्ग प्रेमचंद ने बताया कि वह एनएफएल से सेवानिवृत हैं और उन्होंने अपना मकान भटोली कॉलेज के सामने बना रखा है। यहां पानी निकासी को लेकर कई सालों से परेशानी चल रही है और बरसात में पानी ओवरफलो होकर उनके मकान और कई दुकानों में घुस जाता है। आज दिन तक इस समस्या को लेकर वह कई बार सरकारी दफ्तरों में गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

एसडीएम विश्व मोहन देव चौहान ने प्रेम चंद को साथ लेकर मौका का विजिट किया। इस दौरान बीडीओ ऊना केएल वर्मा भी मौजूद रहे। मौके पर पहुंचते ही बुजुर्ग ने गंदे पानी की समस्या को लेकर उन्हें हालात दिखाना शुरू किया तो अन्य लोग भी मौका पर पहुंच गए। लोगों ने भी कहा कि यह सिर्फ इन बुजुर्ग की ही नहीं बल्कि इस रोड पर काफी दुकानदारों और घर निवासियों की भी समस्या है जिसका हल होना चाहिए।

एसडीएम विश्व मोहन देव चौहान ने कहा कि बुजुर्ग अपनी समस्या को लेकर उनके पास पहुंचे थे और मौका देखा गया है। लोक निर्माण विभाग और फ्लड कंट्रोल के अधिकारियों से इसको लेकर बात की जाएगी, ताकि जल्द इस समस्या का निराकरण हो सके।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news