
#खबर अभी अभी मंड़ी ब्यूरो*
12 अगस्त 2024

ऑस्ट्रेलिया के बेंडिगो शहर में बीते 14 वर्षों से रह रहे मंडी शहर निवासी 40 वर्षीय अभिषेक अवस्थी अब वहां राजनीति के क्षेत्र में भी कदम रखने जा रहे हैं। आस्ट्रेलिया में विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी क्षेत्रों में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद अब अभिषेक ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। अभिषेक अवस्थी सिटी ऑफ ग्रेटर बेंडिगो परिषद के चुनावों में केनिंग्टन वार्ड के लिए काउंसलर का चुनाव लड़ेंगे। शनिवार को उन्होंने अपने चुनावी अभियान का विधिवत आगाज कर दिया
यह पहला मौका होगा जब बेंडिगो शहर के सबसे बड़े चुनावों में कोई भारतीय अपनी किस्मत आजमाएगा। इससे पहले यहां रह रहे किसी भारतीय मूल ने यह चुनाव नहीं लड़ा है। चुने जाने वाले काउंसलर में से ही बेंडिगो शहर के मेयर का चुनाव भी होगा। सिटी ऑफ़ ग्रेटर बेंडिगो परिषद क्षेत्रफल के लिहाज से 3015 वर्ग किमी में फैला हुआ विशाल क्षेत्र है। सिटी ऑफ़ ग्रेटर बेंडिगो परिषद के यह चुनाव 7 अक्तूबर से 26 अक्तूबर तक आयोजित किए जाएंगे। आस्ट्रेलिया के नियमों के अनुसार यहां सभी नागरिकों को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना अनिवार्य है। इसलिए यहां चुनावी प्रक्रिया को लंबे समय तक आयोजित किया जाता है। अभिषेक अवस्थी ने बताया कि बेंडिगो शहर के केनिंग्टन वॉर्ड में 14 वर्षों के दौरान बहुत कुछ सीखने को मिला। यहां जितना भारतीय मूल के लोगों का प्यार, आशीवार्द और सहयोग मिला, उससे ज्यादा आस्ट्रेलिया के स्थानीय लोगों ने अपना प्यार, आशीवार्द और सहयोग दिया। अब चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है और मुझे पूरी उम्मीद है कि इसमें मेरी जीत होगी।





